बलिया शहर के शिवरामपुर गंगा घाट पर दो सगी बहने सहित चार की डूबने से मौत के दूसरे दिन प्रशासन अलर्ट रहा। सभी गंगा घाटों पर पुलिस फोर्स तैनात रही। शिवरामपुर घाट पर एसडीआरएफ के जवान नदी में मुस्तैद रह कर लोगों को जागरूक करते रहे। नाविक लाइफ जैकेट पहने दिखे और ओहार के लिए नदी पार जाने वालों को जैकेट पहनाकर रस्म अदा किया। क्षमता के अनुसार नावों पर लोगों को बैठाया। नदी में गहराई वाले स्थानों पर नावों से घेराबंदी कर पुलिस तैनात रही। पुलिस की तत्परता से मुंडन संस्कार शांति तरीके से दोपहर तक सम्पन्न हुआ।