जनपद बहराइच के बौंडी थाना क्षेत्र के केला गांव में स्थित एक प्राचीन मंदिर से बीते दिनों गायब हुईं बेशकीमती मूर्तियों को बरामद करते हुए पुलिस ने 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि 28 जुलाई की रात केला गांव में स्थित मंदिर से सैकड़ों वर्ष पुरानी बेशकीमती मूर्तियां चोरी हो गयी थी। इस मामले में मुकदमा लिखे जाने के बाद पुलिस की कई टीमें घटना के अनावरण के लिए लगाई गई थीं। इसी बीच कल मुखबिर के द्वारा मिली सटीक जानकारी के बाद रामगांव थाना क्षेत्र के गम्भीरवा से 3 बाईक पर सवार 4 युवकों को जब रोक कर कड़ाई से पूछताछ की गई तो पता चला कि ये युवक चोरी की गई मूर्तियों को बेचने के इरादे से कहीं लेकर जा रहे हैं। चोरों के सरगना कुलदीप एवं अन्य 3 चोरों समेत 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्यवाही की जा रही है।