राजकीय आईटीआई में रोजगार मेले का आयोजन, 50 से अधिक युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र संवाद न्यूज एजेंसी बहराइच। राजकीय आईटीआई परिसर में मंगलवार को कौशल विकास विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पयागपुर विधायक के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी रहे। मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के 300 से अधिक युवाओं ने रोजगार के लिए आवेदन किया। रोजगार मेले में जिले और बाहर से आईं 10 निजी कंपनियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार के बाद 50 से अधिक युवाओं का चयन किया गया। मुख्य अतिथि निशंक त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आईटीआई की प्राचार्या स्मृति शर्मा ने बताया कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार की प्रक्रिया देर तक जारी रही और चयनित युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार सहित आईटीआई के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।