फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहराइच में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित, गर्मी से राहत

यूपी के बहराइच में तराई इलाके में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही और उमस भरी गर्मी के बीच दोपहर बाद करीब ढाई बजे तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बिछिया, कतर्नियाघाट और आसपास के जंगल क्षेत्रों में शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर देर शाम तक जारी रही। बिछिया रेलवे क्रासिंग पर पेड़ गिरने से एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। कतर्नियाघाट जंगल के बिछिया, आम्बा, बर्दिया, गिरिजापुरी, कारीकोट, चफरिया समेत दर्जनों गांवों में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग की ओर से पिछले कई दिनों से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा था। शनिवार को आखिरकार मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज हवाओं के चलते बिछिया रेलवे क्रॉसिंग के पास एक विशालकाय पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर गया। इससे मिहींपुरवा, बिछिया और लखीमपुर के बीच आवागमन करीब एक घंटे तक बाधित रहा। पेड़ रेलवे क्रॉसिंग के समीप गिरने से सड़क मार्ग के साथ रेल यातायात पर भी असर पड़ने की आशंका बन गई। सूचना मिलने पर रेल विभाग, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग बहाल कराया जा सका। अचानक बदले मौसम के चलते बाजारों और सड़कों पर अफरातफरी का माहौल रहा। लोग बारिश और तेज हवा से बचने के लिए दुकानों और सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। हालांकि बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस से राहत मिली। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बहराइच, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी समेत तराई क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटे में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें