बहराइच: थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के जनजाति बाहुल्य गांव फकीरपुरी में एक बंदर के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार उक्त बंदर पहले पड़ोसी गांव रामपुरवा में था, जहां एक दर्जन से अधिक लोगों को काटने के बाद पिछले 20 दिनों से उसने फकीरपुरी गांव में डेरा जमा रखा है। अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है। बंदर खुलेआम गांव में घरों में उछल-कूद कर रहा है और लोगों के घरों में घुसकर बैठ जा रहा है। गांव के समाजसेवी सरवन चौधरी, कोटेदार पति अमरीश व ग्राम प्रधान माधुरी ने बताया कि बंदर ने ज्यादातर बच्चों पर हमला कर उन्हें नोंचा है। घायलों में रुबल 13 वर्ष, रिद्धि 10, नित्या 11, कृतिका 10, अपूर्णा 9, आदित्य 9, अंजलि 8, अरुण 9, अनु चौधरी 12, सुप्रिया 12, योगेश 10, श्याम सुंदर 9, सुशांत 10, पल्लवी 8 समेत दो दर्जन से अधिक बच्चे शामिल हैं। बंदर के डर से ग्रामीण घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, बच्चे स्कूल जाने से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग से कई बार शिकायत कर बंदर को रेस्क्यू करने की मांग की गई, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।