बागपत जिले में ग्राम प्रधानों ने अपने कार्यकाल को बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में प्रधान विकास भवन से जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को रखा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रोहित धनकड़ और राजीव प्रधान ने कहा कि गांवों में पिछले पांच वर्षों में किए गए कई विकास कार्य अभी अधूरे हैं। यदि कार्यकाल समाप्त हो गया तो ये कार्य प्रभावित हो सकते हैं या अधूरे ही रह जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रशासकों के कार्यकाल के दौरान भी कई विकास कार्यों पर असर पड़ा था। प्रधानों ने कहा कि भाजपा की सरकार उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी है, इसलिए कार्यकाल बढ़ाना सरकार के लिए कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो बागपत जिले के सभी प्रधान दिल्ली कूच कर वहां विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान प्रधानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी अस्मिता लाल को सौंपा। प्रदर्शन में आशीष शर्मा खेड़की, सूबेदार प्रताप सिंह निरपुड़ा, उपेंद्र धामा (प्रधान बिनौली), मनोज धामा (पाबला बेगमाबाद), अमरदीप प्रधान, इंद्रपाल प्रधान, धर्मेंद्र प्रधान, अब्दुल प्रधान, नवाजिस प्रधान, राजकुमार मुकारी सहित कई प्रधान मौजूद रहे।