केंद्रीय आठवें वेतन आयोग के गठन समेत विभिन्न मांगों को लेकर बागपत में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं शिक्षक समन्वय समिति के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने सोमवार को बागपत कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। समन्वय समिति के अध्यक्ष जयवीर सिंह तोमर ने बताया कि बागपत सहित पूरे प्रदेश में कर्मचारी और शिक्षक अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी व शिक्षक मौजूद रहे।