बागपत जनपद के बिनौली में बिनौली पुलिस की रविवार की रात शेखपुरा वन्य क्षेत्र में बावरिया गैंग के पच्चीस हजार के इनामी दो बदमाश हापुड़ के रहने वाले सगे प्रदीप और मिंटू के साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दोनों बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए और दोनों को पकड़ लिया गया। कांस्टेबल नीलेश भी बदमाशों की गोली पैर में लगने से घायल हुआ हैं। पुलिस ने बदमाशों से खपराना गांव किसान सुनील कुमार के घर चोरी किए आभूषण भी बरामद हुए हैं। खपराना गांव में बीती 16 नवंबर की रात किसान सुनील कुमार के घर चोरी करने की घटना को अंजाम दिया गया था। चोर यहॉ से 80 हजार रुपये और लाखों रुपये के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए थे।इस संबंध में पीड़ित किसान ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस चोरों को तलाश कर रही थी, जांच में पता चला कि बावरिया गैंग के सदस्यों ने यहाँ चोरी करने की घटना को अंजाम दिया। इस चोरी में बावरिया गैंग के दो सगे भाई हापुड़ के रहने वाले प्रदीप और मिंटू का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने इनपर पच्चीस हजार का पुरस्कार घोषित किया। रविवार की रात पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि खपराना में किसान सुनील कुमार के यहाँ चोरी करने वाले बावरिया गैंग के दो सगे भाई प्रदीप और मिंटू बाइक से शेखपुरा गांव से चोरी के जेवरात लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने पंहुचकर उन्हें वन्य क्षेत्र में घेर लिया। इस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को तमंचे कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांस्टेबल नीलेश भी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। जिन्हें बिनौली सीएचसी पर ले जाकर उपचार कराया गया।