लूट के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विवेक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को डौला गांव के पास हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से लूट के 4,560 रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस और बैग बरामद किया गया था। मंगलवार को सत्या फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट कपिल गौतम से 55 हजार 700 रुपये की लूट हुई थी। शुक्रवार को सलावतपुर खेड़ी के प्रधान ठाकुर अमरदीप के नेतृत्व में ग्रामीण बागपत एसपी कार्यालय पहुंचे। विवेक के पिता यशपाल और प्रधान ने डौला चौकी पुलिस पर विवेक के साथ फर्जी मुठभेड़ करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:55 बजे विवेक को जिला पंचायत सदस्य संजय डीलर के साथ डौला चौकी ले जाकर स्वयं पुलिस को सौंपा गया था। इसके बाद दोपहर को पुलिस ने विवेक को मुठभेड़ में गिरफ्तार करने की बात कही। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज, धर्मपाल सिंह, तेजपाल सिंह, छतरपाल, देविंदर, ओमवीर आदि मौजूद रहे।