हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर जिला बार एसोसिएशन और अधिवक्ताओं ने बागपत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर लगभग दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। जाम में स्कूली बच्चे, एंबुलेंस में मरीज, बारातियों सहित सैकड़ों वाहन फंसे रहे, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। धरनास्थल पर डीएम अस्मिता लाल पहुंचीं, लेकिन अधिवक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने बिना उनकी समस्याएं सुने ही धरनास्थल छोड़ दिया। इससे आक्रोशित अधिवक्ताओं ने डीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “डीएम मुर्दाबाद” के नारे लगाए। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक हाईकोर्ट बेंच की मांग पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। जाम की सूचना पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया गया।