आजमगढ़ के स्थापना दिवस के उपलक्ष में आयोजित होने वाले आजमगढ़ महोत्सव के क्रम में गुरुवार को आकांक्षा समिति द्वारा हरिऔध कला केंद्र में फैशल शो का आयोजन किया गया। जिसमें 25 डिजाइनरों के कपड़े को पहनकर 125 प्रतिभागियों ने रैंप वाक किया। जिसका शुभारंभ एसपी की पत्नी माधवी मीना ने किया। फैशन शो में कुल सभी 25 डिजाइनर ने अपने तीन-तीन मॉडलों के साथ विभिन्न परिधानो में रैंप पर कैट वाक किया। सभी डिजाइनरों के द्वारा बनाए गए परिधान के थीम अपने आप में खास और भिन्न रहे। किसी ने जहां वेस्ट मैटेरियल से परिधान तैयार किया था तो किसी ने जूट से, किसी डिजाइनर के द्वारा प्लास्टिक के परिधान बनाए गए थे तो वहीं अन्य डिजाइनर के द्वारा दैनिक अखबार से तैयार परिधान भी अपने आप में बेहद आकर्षक लगे। फैशन शो की सबसे खास बात कामकाजी घरेलू 50 वर्ष प्लस की महिला माडल रहीं। जिसमें जनपद के विभिन्न गांव और शहर की महिलाओं ने भाग लिया। जनपद में पहली बार 50 प्लस उम्र की कामकाजी घरेलू महिलाओं ने जब मंच पर चहलकदमी की तो पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट और सीटीयों की आवाज से गूंज उठा। हर किसी ने इन महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।