आजमगढ़ जिले में मंडलायुक्त की सुरक्षा ड्यूटी से लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की बुधवार रात सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। थाना सिधारी क्षेत्र में बेलइशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एक अनुबंधित बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। घटना बुधवार की रात लगभग 11 बजे हुई। आरक्षी बलवंत सिंह यादव मंडलायुक्त के सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन वापस लौट रहे थे। अनुबंधित बस की टक्कर से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। बलवंत यादव चंदौली जनपद के ग्राम करजरा के निवासी थे। वह 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह मंडलायुक्त के सुरक्षा गार्ड ड्यूटी में तैनात थे। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की और परिजनों को सूचित किया। पुलिस विभाग ने दिवंगत आरक्षी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।