आजमगढ़ में बैडमिंटन के क्षेत्र में दक्ष अधिकारी तैयार करने की दिशा में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय बैडमिंटन अंपायरिंग वर्कशॉप-कम-सर्टिफिकेशन कोर्स का रविवार को सफल समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 15 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। इन प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र का वितरण अतिथियों द्वारा किया गया। इस वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य बैडमिंटन के खेल में निष्पक्ष और प्रशिक्षित अंपायरों को तैयार करना था। समापन समारोह के मुख्य अतिथि, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री घनश्याम पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि देश को आज विभिन्न क्षेत्रों में कुशल युवाओं की आवश्यकता है। जहां प्रशिक्षण होगा, वहां भीड़ नहीं बल्कि सीखने की ललक रखने वाले लोग होंगे। भीड़ में सिर्फ भाषण हो सकता है, प्रशिक्षण नहीं। क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. गायत्री ने जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, कठिन परिश्रम, गुरु के प्रति सम्मान और लक्ष्य के प्रति जुनून के महत्व पर प्रकाश डाला। रंगमंच विशेषज्ञ अभिषेक पंडित ने भगवान बुद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी अच्छी पहल की शुरुआत संख्या से नहीं, बल्कि उसके उद्देश्य और गुणवत्ता से होती है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बृजेश यादव ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं युवाओं को खेल के साथ-साथ तकनीकी और व्यावसायिक दक्षता हासिल करने का अवसर प्रदान करती हैं। वर्कशॉप के कोर्स डायरेक्टर, विश्व स्तरीय अंपायरिंग का अनुभव रखने वाले अजेंद्र राय के मार्गदर्शन में, प्रतिभागियों को बैडमिंटन के आधिकारिक नियमों, कोर्ट पर वास्तविक परिस्थितियों में निर्णय लेने की बारीकियों और व्यावहारिक अंपायरिंग का गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को विशेषज्ञों की निगरानी में व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।