अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के डूड़ी गांव में शुक्रवार दोपहर घर के करीब स्थित एक तालाब में दो सगी बहनों के डूबने से कोहराम मच गया। एक दूसरी बहन के इन दोनों को डूबते हुए देखा उसके चीखने चिल्लाने से लोगों को जानकारी हुई और दोनों के शव को तालाब से निकाल गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया गया कि मृतक दोनों बालिकाएं तालाब में नहाने के लिए गई हुई थी। गांव निवासी बबलू रैदास के घर के करीब ही पांडे तारा तालाब है जहां पर उनकी दो बेटियां नैनी (8) और सुनैनी (5) अपनी एक और बहन के साथ नहाने गई थी। नहाते वक्त नैनी और सुनैनी डूबने लगी तो तीसरी बहन ने चीखते-चिल्लाते हुए घर वालों को घटना की जानकारी दी लेकिन जब तक लोग बाहर निकालते दोनों बालिकाओं की मौत हो चुकी थी। यह बात गांव में फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद समूचें गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बबलू रैदास के पांच बेटियां थीं, एक बेटा भी है। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों बालिकाओं के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।