प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक बुधवार को अयोध्या पहुंचे। रामलला के दर्शन करने के बाद उन्होंने सर्किट हाउस में पौधरोपण भी किया। पौधरोपण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बहुत ही वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अब पौधों को स्मृति चिन्ह का स्वरूप दिया जा रहा है। राज्य मंत्री ने कहा कि जितना ज्यादा हम पौधरोपण का काम करेंगे, आने वाले कल में भविष्य में आने वाली पीढ़ी को एक अच्छा माहौल देने का काम करेंगे। बात करें अगर हम पौधों की सुरक्षा के बारे में तो इस बार ज्यादातर उन जगहों पर पौधों का रोपण हुआ है, जहां पर पौधे हमारे सुरक्षित रह सकें, जैसे कि विद्यालय के परिसर में, अस्पताल के परिसर में, पुलिस लाइन परिसर में और जो सड़कों के किनारे पौधे लगाने का काम किया गया, वह किसी न किसी जिम्मेदार के माध्यम से किया गया है। पौधों की सुरक्षा के लिए विधायकों से कहा गया कि वह अपने विधायक निधि की एक प्रतिशत धनराशि पौधों की सुरक्षा के लिए दें। उस धनराशि का उपयोग वन विभाग ट्री गार्ड लगाने में इस्तेमाल कर रहा है। इससे विधायकों को तो पहचान मिलेगी ही आने वाले पीढ़ियों को भी अच्छा माहौल मिलेगा। मलिक ने बताया कि अयोध्या में हरित अयोध्या के नाम पर इस बार पौधारोपण अभियान को समर्पित किया गया है। यही नहीं जुलाई के शुरू में जिन बच्चों ने जन्म लिया है, उनके अभिभावकों को प्रमाण पत्र के साथ पौधे गिफ्ट किया गया ताकि जब बच्चा बड़ा हो तो वह समझ सके कि यह पौधा उसके जन्म के समय लगाया गया था।