राजस्थान के जयपुर में 28 से 31 जुलाई तक आयोजित ऑल इंडिया टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में लगातार सातवीं बार राष्ट्रीय विजेता बनी उत्तर प्रदेश बालिका टीम के खिलाड़ियों को मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने सम्मानित किया। विजेता टीम में अयोध्या की 11 खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। खिलाड़ियों ने सीडीओ को अभ्यास मैदान में बारिश के दौरान जलभराव, सुरक्षा गार्ड की तैनाती न होने व खेल संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं से अवगत कराया। सीडीओ ने शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को पत्राचार करने और मैदान पर पीआरडी जवान की ड्यूटी लगाने की बात कही। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।