बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के कोदैला गांव के पास मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक चालक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बीकापुर-जाना बाजार मार्ग पर करीब 2:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार खेमा सराय निवासी छंगू निषाद (50) और देवी दीन निषाद (40) मजदूरी का कार्य करते हैं। दोनों मंगलवार को बाइक से जाना बाजार की ओर गए थे। लौटते समय कोदैला गांव के पास दोनों सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले और उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हालत में बगल में पड़ी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर लाई, जहां चिकित्सक डॉ. अतुल मिश्रा ने छंगू निषाद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवी दीन को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर अथवा सड़क पर जानवर से भिड़ंत के चलते दुर्घटना हुई। पुलिस के अनुसार मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई।