समाजवादी पार्टी 16 नवंबर को शहर के फॉर एवर लॉन में स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना ऊदा देवी पासी का शहीद दिवस मनाएगी। सपा इस आयोजन को सम्मान और सामाजिक न्याय के संदेश से जोड़ते हुए व्यापक कार्यक्रम करने जा रही है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी कार्यक्रम में दीपावली के दिन काकोरी में हुए राम प्रसाद पासी के अपमान के खिलाफ पार्टी सत्याग्रह का ऐलान भी करेगी। राम प्रसाद पासी वीरांगना ऊदा देवी पासी के वंशज हैं। अवधेश प्रसाद ने कहा कि दीपावली के दिन लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में राम प्रसाद पासी को जबरन पेशाब पिलाकर अपमानित किया गया, जो अत्यंत निंदनीय घटना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित के सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष करेगी और शांतिपूर्ण सत्याग्रह के माध्यम से सरकार पर कार्रवाई का दबाव बनाएगी। 16 नवंबर को ही इस सत्याग्रह की तारीख और रूपरेखा सार्वजनिक की जाएगी। ऊदा देवी पासी 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की साहसी महिला सेनानी थीं। वे अवध के अंतिम नवाब वाजिद अली शाह की महिला बटालियन का हिस्सा थीं और अंग्रेजों के विरुद्ध अदम्य साहस के साथ लड़ीं। 16 नवंबर 1857 को वे शहीद हो गईं। समाजवादी पार्टी इस कार्यक्रम को उनके बलिदान की स्मृति और सामाजिक सम्मान की आवाज उठाने के रूप में आयोजित कर रही है।