फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दीपोत्सव पर अयोध्या को मिलेगा वैक्स म्यूजियम का उपहार, देश दुनिया के पर्यटक देखेंगे त्रेतायुग की झलक

रामनगरी अयोध्या के लिए इस बार दीपोत्सव बेहद खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर अयोध्या को एक अनूठा वैक्स म्यूजियम का उपहार मिलने जा रहा है। यह भव्य म्यूजियम श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर लगभग 10 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में तेजी से बनाया जा रहा है। इस परियोजना पर अब तक करीब 7.5 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इस म्यूजियम की सबसे खास बात होगी रामायण के लगभग 50 प्रमुख पात्रों की जीवंत झलक। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव और जटायु जैसे पात्रों के मोम के पुतले यहां प्रदर्शित किए जाएंगे। इन पुतलों को इतना यथार्थवादी बनाया जा रहा है कि देश दुनिया से यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक स्वयं को त्रेता युग में महसूस करेंगे। महाराष्ट्र की संस्था और केरल के विशेषज्ञ मिलकर इन पुतलों को तैयार कर रहे हैं। म्यूजियम में केवल पुतले ही नहीं, बल्कि रामायण के प्रमुख प्रसंग जैसे राम-रावण युद्ध, सीता हरण, हनुमान की लंका यात्रा और राम-सेतु निर्माण को ऑडियो-वीजुअल तकनीक और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। यह बच्चों और युवाओं को विशेष रूप से आकर्षित करेगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि इस परियोजना की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है और दीपोत्सव के अवसर पर इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोलने की योजना है। म्यूजियम के बनने से अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।इस बार दीपोत्सव 20 अक्तूबर को मनाया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें