रामनगरी अयोध्या में सोलर सिटी स्थापित करने के बाद अब फॉरेस्ट सिटी स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। नौ जुलाई को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दशरथ पथ पर सोलर सिटी पैनल के पास रामपुर हलवारा गांव की जमीन पर फॉरेस्ट सिटी की आधारशिला रखकर वहां पौधरोपण भी करेंगे। पहले चरण में इस फॉरेस्ट सिटी में 14,000 पौधे रोपित किए जाएंगे। इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कमिश्नर गौरव दयाल ने बताया कि पौध रोपित करने के लिए तीन स्थानों का चयन किया गया था। पहला सोहावल तहसील के पंडितपुर गांव, दूसरा रुदौली तहसील के मां कामाख्या धाम और तीसरा सदर तहसील के रामपुर हलवारा गांव में। इन्हीं में से रामपुर हलवारा गांव में फॉरेस्ट सिटी की स्थापना की जा रही है। नौ जुलाई को सीएम योगी अयोध्या पहुंचेंगे और लगभग दो घंटे यहां पर रहेंगे। इस दौरान सीएम योगी रामलला और हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन भी करेंगे। सोलर सिटी के बाद अब अयोध्या को फॉरेस्ट सिटी के रूप में स्थापित करने के लिए शासन से लेकर प्रशासन तक जुट गया है।