अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राम की पैड़ी पहुंचे प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने रविवार को राम मंदिर के कथित दान घोटाले के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दान की पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा। योग कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए लाखों लोगों ने वर्षों तक संघर्ष और बलिदान दिया है। ऐसे में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में किसी भी प्रकार की अनियमितता गंभीर विषय है। उन्होंने माना कि बैंक कर्मियों और गणना कर्मियों को गड़बड़ी करने का अवसर मिला, लेकिन ऐसी स्थिति रोकने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट को भी अधिक सतर्क और सजग रहना चाहिए था। राठौर ने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।