मुआवजे की धनराशि न मिलने पर पीड़ित किसान ने परिवार सहित डीएम ऑफिस पर धरना दिया। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रार्थना पत्र लेकर जांच का आश्वासन दिया है। इसके बाद परिवार ने धरना समाप्त कर दिया। पीड़ित किसान ने बताया कि पांच साल पहले रायबरेली हाईवे के निर्माण में उनकी जमीन अधिग्रहित की गई थी लेकिन इसका उचित मुआवजा नहीं मिला। मुआवजे की धनराशि उनके भाई ने हड़प कर ली। पांच साल तक उन्हें न्याय नहीं मिला तो आज डीएम ऑफिस पर परिवार समेत धरना देना पड़ा। मामला पूराकलंदर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का है। किसान शत्रुघ्न यादव सोमवार दोपहर अपने परिवार के साथ कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें उनका हक दिलाया जाए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट राजेश मिश्र ने कहा कि पीड़ित किसान का आरोप है कि मुआवजे की राशि गलत तरीके से निकाल ली गई है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए, तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।