रामनगरी में धर्म पथ पर फूड हब बनाने के बाद अब अयोध्या कैंट में भी खाद्य व औषधि विभाग और नगर निगम मिलकर सिविल लाइन में कृष्णा पैलेस के सामने स्ट्रीट फूड हब की सौगात देने जा रहे हैं। यहां स्थानीय निवासियों के साथ देश विदेश से आने वाले श्रद्धालु लजीज फास्ट फूड का स्वाद चख सकेंगे। सिविल लाइन में कृष्णा पैलेस के सामने खाली स्थान पर नगर निगम 30 स्टील बॉडी के कार्ट बना रहा है। इसमें तरह-तरह के फास्ट फूड व्यंजन उपलब्ध होंगे। नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने निर्माणाधीन फूड हब का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि एक महीने के भीतर यह फूड हब जनता के लिए बनकर तैयार हो जाएगा। फास्ट फूड के शौकीनों के लिए तरह-तरह के फास्ट फूड व्यंजन उपलब्ध होंगे। इसके लिए स्थानीय लोगों को कार्ट आवंटित किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि एक करोड़ की लागत से यह स्ट्रीट फूड हब डेवलप किया जा रहा है। यहां पर वेस्ट मैनेजमेंट की अलग से व्यवस्था की जाएगी ताकि जो भी फास्ट फूड के कूड़े होंगे उनका निस्तारण भी किया जा सके। इस फूड हब को आकर्षक लाइटिंग से डेकोरेट भी किया जाएगा। अयोध्या धाम के साथ नगर निगम के अन्य क्षेत्र पर भी योगी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्हें डेवलप करने का प्रयास किया जा रहा है।