अयोध्या स्थित अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के सामने परिसर में रेलवे विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य के चलते मुख्य मार्ग पर गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़क तालाब में तब्दील हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाराणसी से आए श्रद्धालु भोला गुप्ता ने बताया कि वे रामलला के दर्शन के लिए नंगे पांव पहुंचे थे, लेकिन मार्ग पर भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ऐसी अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है, जो दुखद है। मुंबई से आए धर्मेंद्र ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि पानी से लबालब सड़क पार करना मजबूरी बन गया। श्रद्धालुओं ने रेलवे प्रशासन से तत्काल जलनिकासी और मार्ग सुधार की मांग की है।