नृपेंद्र मिश्र दो दिवसीय बैठक में भाग लेने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर राम मंदिर अयोध्या परिसर के विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या आएंगी और लगभग 4 घंटे मंदिर परिसर में रहेंगी। राष्ट्रपति लगभग 400 श्रमिकों को सम्मानित करेंगी, जिन्होंने मंदिर निर्माण में योगदान दिया।.हुतात्मा स्मारक और अस्थायी रामलला मंदिर को स्मारक के रूप में विकसित किया जा रहा है। अप्रैल अंत तक इन निर्माण कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राम कथा संग्रहालय की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि संग्रहालय में 20 गैलरी बनाई जा रही हैं, जिनमें अत्याधुनिक 3D हनुमान गैलरी शामिल है। हनुमान गैलरी में श्रद्धालु 12 मिनट तक 3D तकनीक से राम प्रसंग देख सकेंगे। बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर अरविंदो आश्रम से भूमि देने का अनुरोध किया गया है। बाउंड्री वॉल के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। रामनवमी उत्सव की भी तैयारी शुरू हो गई है। नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि रामनवमी पर सूर्य तिलक की परंपरा दोहराई जाएगी, जिसके लिए सीबीआरआई रुड़की से 10 वर्ष का अनुबंध किया जा रहा है।