किसान नेता राकेश टिकैत बृहस्पतिवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि में रामलला के दर्शन किए। अयोध्या पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत ने राम मंदिर निर्माण को लेकर मजदूरों का आभार व्यक्त किया और कहा कि मजदूरों की वजह से ही यह सब संभव हुआ है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर अच्छे से बनाया जा रहा है। सपा नेता शिवपाल यादव के ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाने को लेकर किसान नेता ने कहा कि राजनीति में यह होता है। उन्होंने कटाक्ष किया कि आज उनको मौका मिला है। कोई न कोई राजनीतिक दलों को मुद्दा चाहिए। टिकैत ने कहा कि मिलिट्री के विषय में इंटरफेयर नहीं करना चाहिए। किसान नेता ने अयोध्या से राजनीतिक दलों से अपील की कि मिलिट्री को देश की मिलिट्री रहने दें, उस पर कोई भी राजनीति न करे, न सत्ता पक्ष और न ही विपक्ष। छुट्टा जानवरों के सवाल पर टिकैत ने कहा कि छुट्टा जानवर किसानों की बहुत बड़ी समस्या है। इसमें सरकार और किसान को मिलकर काम करना होगा।