अयोध्या में डाभासेमर स्टेडियम में आयोजित अस्मिता लीग का मंगलवार को उद्घाटन हुआ, जिसमें एक दिवसीय खेल प्रतियोगिता के तहत कबड्डी और टेबल टेनिस के रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हॉकी संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि इससे अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है। वहीं विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य रूही पाल ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनसे परिचय प्राप्त कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल के माध्यम से भी अपनी पहचान बना रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जिला ओलंपिक संघ के सचिव परमेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके। इस दौरान कोच लाल शुक्ला, रोहित त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।