फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में आंधी-बारिश से छह की मौत, डीएम बोले- बिना देरी मिलेगा सरकारी मुआवजा

भूपेन्द्र सिंह Updated Fri, 18 Apr 2025 06:59 PM IST

अयोध्या में मौसम का मिजाज बृहस्पतिवार शाम अचानक बदल गया। शाम चार बजे पहले बादल छाए और फिर 5.15 बजे से आंधी चलने लगी। थोड़ी देर में बारिश के साथ ओलावृष्टि की शुरुआत हो गई। ऐसे में जिले में अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। इसमें पांच महिलाएं शामिल हैं। साथ ही चार लोग घायल हो गए। नवागत डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम ग्रामीण क्षेत्र में आंधी- बारिश से छह लोगों की मौत हो गई है। घायलों और मृतकों के परिजनों को आज ही मुआवजा दे दिया जाएगा। सभी पीड़ित परिवार के साथ प्रशासन की शोक संवेदना है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर जानकारी ले चुके हैं। बताया गया कि सोहावल क्षेत्र के महोली के सैदपुर गांव में तीन महिलाएं आंधी से बचने के लिए ट्रैक्टर ट्राली के नीचे बैठी थीं। इसी बीच ट्राली पलट गई और उसके नीचे दबकर गांव की ही निवासी ललिता, पूजा और कमला की मौत हो गई। इनमें ललिता और पूजा सगी बहनें बताई जा रही हैं। सभी ट्राली में भूसा भर रही थीं। वहीं रुदौली क्षेत्र में जिनगा मिश्र का पुरवा के पास धनीपुर की बुधौलिया निवासी दीपा यादव गेहूं की कटाई कर रही थीं।आंधी से बचने के लिए टीन शेड में छिप गईं। इसकी दीवार गिरने से मलबे की चपेट में आकर मौत हो गई। इनायतनगर के धमोलिया गांव में अयोध्या प्रसाद की 65 वर्षीय पत्नी शिवमूर्ति खेत गई थीं। वापस आते समय जय बाबा स्वास्थ्य केंद्र के पास रामकिशोर की बाउंड्रीवॉल तेज आंधी में गिर गई। इसकी चपेट में आने से उनकी भी मौत हो गई। सोहावल क्षेत्र के बरई कला के पास पेड़ की चपेट में कई वाहन आ गए। इससे आवागमन थम गया था। इन हादसों के सभी मृतकों और घायलों को शुक्रवार को ही मुआवजा प्रदान करने की जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। डीएम ने बताया कि अयोध्या में रामपथ पर श्रद्धालुओं के लिए छाया की व्यवस्था नहीं है। जल्द ही वहां पर छाया की व्यवस्था की जाएगी। पीने के लिए पानी की व्यवस्था की जाएगी ताकि आने वाले श्रद्धालु सुगमता पूर्वक दर्शन कर अपने घर को वापस लौट सकें।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें