अयोध्या में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शनिवार को राम सुचित सिंह सरस्वती पीजी कॉलेज में पानी संस्थान की ओर से पोस्टर प्रतियोगिता का मेगा इवेंट आयोजित किया गया। ‘आज के युवाओं को क्या खुश करता है’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में तारुन ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों से 1068 लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान युवाओं ने पोस्टर के माध्यम से अपनी भावनाओं, जरूरतों और खुशी के स्रोतों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तारुन के अधीक्षक डॉ. अंशुमान गुप्ता, दिनेश सिंह, थाना तारुन की महिला उपनिरीक्षक ज्योति यादव और कॉलेज के प्रबंधक अनुपम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता का आयोजन एक से 30 सितंबर तक ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों और युवा संसाधन केंद्रों पर किया गया था। इसमें कुल 1500 युवाओं ने भाग लिया। 29 सितंबर को फाइनल प्रतियोगिता हुई, जबकि शनिवार को विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार कृषक इंटर कॉलेज की छात्रा रिया को मिला। द्वितीय पुरस्कार दिवांशू किछूटी और ग्राम पंचायत नागपाली के अमित को संयुक्त रूप से दिया गया। तृतीय पुरस्कार ग्राम पंचायत पिछौरा की शालू और ग्राम पंचायत भादर की अर्चना को संयुक्त रूप से मिला। शीर्ष पांच प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जय प्रकाश भारती, राम चन्दर यादव, राहुल शिक्षा निकेतन के प्रबंधक विनय सिंह और कृषक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विवेक श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पानी संस्थान की टीम ने आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम परियोजना प्रबंधक जगदीश गिरी के निर्देशन में संपन्न हुआ।