अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में बुधवार दोपहर सरयू नदी में डूबे नाना-नाती के शव करीब 10 घंटे बाद बृहस्पतिवार सुबह बरामद कर लिए गए। दोनों बुधवार को नदी में भैंस नहलाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे। हादसे के बाद से एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और पुलिस की टीमें लगातार दोनों की तलाश में जुटी थीं। बृहस्पतिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम और नया घाट अयोध्या के गोताखोर बृजेश निषाद ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव घटनास्थल के पास नदी से बरामद कर लिए गए। शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नाना-नाती के शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद से ही परिवार के लोग नदी किनारे दोनों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे।