अयोध्या: अयोध्या के तारुन में ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अ) ने मंगलवार को खंड विकास अधिकारी तारुन आनंद कुमार श्रीवास्तव को मांगपत्र सौंपा। भाकियू जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय की ओर से दिए गए मांगपत्र में सरकारी भूमि से कब्जा हटाने समेत चकमार्ग की पैमाइश और जर्जर मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की गई। मांगपत्र में ग्राम पंचायत गयासपुर स्थित गाटा संख्या 217 की भूमि से कथित कब्जा हटवाकर भूमि खाली कराने और उसकी खुदाई कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। ग्राम सभा फतेहपुर कमासिन में सत्यनारायण पांडेय की भूमि की पैमाइश कराने की मांग की गई। फतेहपुर कमासिन के मजरे दुलदुला में रामबरन यादव के खेत से यादव पुरवा तक चकमार्ग की पैमाइश कराने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा ग्राम सभा थरियाकला में धोबी घाट से अवैध कब्जा हटाने तथा सेक्टर-4 में निरंजन के घर से लालबहादुर के घर तक मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की गई। भाकियू ने सभी मामलों में स्थलीय निरीक्षण कराकर नियमानुसार कार्रवाई और समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद पांडेय, उपाध्यक्ष प्रमोद पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष जान अली सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।