हापुड़ जिलेे की सीमा पर मुस्तैद किए अमरोहा के पुलिसकर्मियों ने संभाली व्यवस्था संवाद न्यूज एजेंसी गजरौला। द्वितीय ज्येष्ठ दशहरा पर हाईवे का डिवाइडर बंद कर दिए जाने, हापुड़ जिले की सीमा में तैनात किए पुलिसकर्मियों के कारण हाईवे पर जाम नहीं लगा। पुलिस के पांच बिंदुओं पर काम करने के कारण हाईवे जाम मुक्त रहा। उस पर वाहन दौड़ते रहे। सोमवती अमावस्या पर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर करीब 6 घंटे जाम लगा था। अमरोहा जिले की सीमा में ही चार किमी लंबे जाम ने श्रद्धालुओं, राहगीरों के पसीने छुड़ा दिए थे। पुलिस को यातायात संभालने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा था। द्वितीय ज्येष्ठ दशहरा पर हाईवे पर जाम न लगे, इसके लिए सीओ मंडी धनौरा अंजलि कटारिया ने खासी तैयारी की। उन्होंने ब्रजघाट में गंगा पुल पर टिनफेंसिंग से हाईवे का डिवाइडर बंद कराया। साथ ही जहां पर पुल से उतरने और गंगा स्नान घाट जाने के लिए जो सीढ़ी बनी हैं, उस रास्ते को भी बंद कर पुलिसकर्मी तैनात किए। टिन फेंसिंग और रास्ता बंद किए जाने के कारण किसी भी श्रद्धालु का वाहन ब्रजघाट गंगा पुल पर खड़ा नहीं हुआ। इसके अलावा हापुड़ जिले की सीमा में गजरौला थाना पुलिसकर्मी तैनात कर हिदायत दी गई कि वाहनों को निर्धारित स्थल पर ही पार्किंग कराएं। कोई भी वाहन गंगा पुल या हाईवे पर खड़ा न हो। इसके अलावा ब्रजघाट गंगा पुल से लेकर ब्रजघाट चौकी तक चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी हाईवे को जाम मुक्त रखने में खासी भूमिका निभाई। हाईवे पर जाम नहीं लगने के कारण दोनों तरफ वाहन दौड़ते रहे। सीओ का कहना है कि ट्रक्र, ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली, डीसीएम आदि मालवाहक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किए जाने और पांच बिंदुओं पर काम करने के कारण हाईवे पर जाम नहीं लगा। आगे पूर्णिमा या अमावस्या पर यही लागू किया जाएगा। जिससे जाम न लगे।