गजरौला। झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली। फसलों के लिए यह बारिश खासी फायदेमंद रही। किसानों के चेहरेे खिल गए हैं। हालांकि नगर के विभिन्न मोहल्लों, थाना, ब्लॉक, सीएचसी परिसर में जल भराव हो गया। मंगलवार को सुबह 10.30 बजे तक लोग भीषण गर्मी और उसम से लोग बेहाल हो गए। 11 बजने के साथ ही आसमान में काले बादल मंडराने लगे। थोड़ी ही देर में ही झमाझम बारिश होने लगी। करीब एक या सवा घंटे तक इस कदर बारिश हुई की नगर के सभी मोहल्ले पानी से लबालब हो गए। सीएचसी परिसर में जल भराव हो जाने के कारण स्टाफ बाहर आकर खड़ा हो गया। थाना परिसर में भी एक फीट तक पानी भर गया। स्वास्थ्य विभाग की आवासीय कॉलोनी में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया। स्टेशन चौराहा की सड़क पर एक फीट तक पानी भर जाने के कारण फड़ वाले दुकानदारों को खासी परेशानी हुई। इस बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को हुआ हैै। सिंचाई के अभाव में सूख रहीं फसलों और धान के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैै।