भाकियू संयुक्त मोर्चा के प्रदूषण के खिलाफ चल रहे धरने के 58 वें दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि क्षेत्र को विकास की सौगात देने का दंभ भरने वाली औद्योगिक इकाइयों ने घातक बीमारियां दी हैं। जब तक मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा। शहवाजपुर डोर में हाईवे किनारे चल रहे धरने पर सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के कारण क्षेत्र का पानी पीने लायक नहीं रहा। वायु में सांस लेना मुश्किल हो रहा हैै। मगर हैरत की बात है जिला प्रशासन को यह प्रदूषण दिखाई नहीं दे रहा। किसान वातावरण को बचाने के लिए धरना दे रहे हैं। करीब दो महीने हो गए, लेकिन कोई संज्ञान नहीं ले रहा। कहा किसान की उदासीनता भारी पड़ेगी। जब तक मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा। इस मौके पर रामकृष्ण चौहान,अहसान अली, चरणसिंह, ओमपाल सिंह, मंसूर अली, होमपाल सिंह, ओमप्रकाश सिंह, आशाराम, पृथ्वी सिंह, गंगाराम आदि मौजूद रहे।