चैत्र माह के प्रथम मंगलवार पर ललिता देवी के मंदिर में मनौती मांगने और प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। बच्चों का मुंडन कराया। चैत्र माह के प्रत्येक मंगलवार को बस्ती स्थित प्राचीन ललिता देवी मंदिर पर श्रद्धालु उमड़ते हैं। माह का प्रथम मंगलवार होने के कारण मंदिर में मनौती मांगने और प्रसाद चढ़ाने के लिए तड़के से ही श्रद्धालु लाइन में लग गए। श्रद्धालुओं ने मंदिर में मस्तक टेक मातारानी की पूजा अर्चना की। जिनकी मनोेकामना पूर्ण हो गई थी, उन्होंने कृतज्ञता प्रकट करते हुए नारियल और गेहूं का प्रसाद चढ़ाकर घर में सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान कुछ महिलाओं ने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। बच्चों ने चांट-पकौड़ी का आनंद लिया। झूले पर झूलकर मनोरंजन किया। महिलाओं ने मंदिर परिसर में लगे मेले में खरीदारी की। सुरक्षा के लिए महिला थानाध्यक्ष प्रिया रानी और सहंसर पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।