नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेठी पहुंचने से पहले ही गौरीगंज का तेजी का पुरवा राजनीतिक रंग में पूरी तरह रंग गया है। राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस के झंडे, पोस्टर और बैनर दूर-दूर तक नजर आ रहे हैं। दो घंटे बाद राहुल गांधी यहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे, लेकिन उससे पहले ही कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है। जगह-जगह कांग्रेस समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है और “महंगाई हटाओ” के नारे माहौल को राजनीतिक धार दे रहे हैं। विशाल मंच, बड़े पंडाल, बैरिकेडिंग और स्वागत द्वार कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा रहे हैं। जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर डटे रहकर तैयारियों का जायजा लेते रहे। कार्यकर्ताओं की लगातार आवाजाही से पूरा इलाका गुलजार बना हुआ है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि सम्मेलन में अमेठी संसदीय क्षेत्र से दो हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती कीमतों को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी अपने संबोधन में केंद्र सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरेंगे और कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर जनता की आवाज उठाने का संदेश देंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने पर भी जोर रहेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी पहले जामों मार्ग स्थित दिवंगत पूर्व जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्र के आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद सम्मेलन स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। दोपहर में वह मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन और ऑडिटोरियम का उद्घाटन भी करेंगे। बुजुर्गों में उत्साह, महिलाओं में जोश राहुल गांधी के आगमन को लेकर बुजुर्गों और महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह है। राहुल गांधी से मिलने के लिए इस भीषण तपिश में चलकर बुजुर्ग और महिलाएं पहुंच रही हैं। सरकार के प्रति महंगाई को लेकर जहां खासा आक्रोश दिख रहा है वहीं राहुल गांधी के आगमन को लेकर वह उत्साहित हैं और उन्हें अपने परिवार का सदस्य बता रहे हैं। साथ ही 2029में प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं और कह रहे हैं कि राहुल जी जब आएंगे तो देश की तस्वीर अलग होगी।