जनगणना 2027 के तहत जिले में मकान गणना अभियान तेज हो गया है। गांवों से लेकर नगर निकायों तक प्रगणक हाथ में नक्शा और मोबाइल लेकर घर-घर पहुंच रहे हैं। भवनों की नंबरिंग के साथ परिवारों से जुड़ी 33 बिंदुओं की जानकारी एचएलओ एप पर ऑनलाइन दर्ज की जा रही है। मंगलवार को नगर पालिका गौरीगंज के वार्ड नंबर 16 में सुबह 11 बजे प्रगणक आशुतोष मिश्र सर्वे करते नजर आए। उन्होंने बताया कि गणना को त्रुटिरहित बनाने के लिए सैटेलाइट और नजरी नक्शों का सहारा लिया जा रहा है। एक प्रगणक को 150 से 200 मकानों की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन उनके हिस्से में करीब 400 मकान आए हैं। अब तक वह 185 भवनों की गणना पूरी कर चुके हैं। बताया कि प्रत्येक भवन पर नंबर अंकित करने के साथ परिवार के मुखिया का नाम और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज की जा रही हैं। हालांकि सर्वे के दौरान कुछ लोग पूरी जानकारी दे रहे हैं, जबकि कई लोग चारपहिया वाहन, घर में लगी टाइल्स या अन्य सुविधाओं की जानकारी देने में हिचक रहे हैं। बताया कि जिन मकानों में दुकान और घर का रास्ता अलग-अलग है, वहां दुकान और मकान की अलग-अलग गणना की जा रही है। तकनीकी या क्षेत्रीय समस्या आने पर अधिकारियों की मदद ली जा रही है। स्थानीय निवासी जलेश्वर सिंह ने बताया कि सर्वे टीम को सभी जरूरी जानकारियां दी गईं। वहीं तहसीलदार सूरज प्रताप सिंह ने लोगों से सही सूचना उपलब्ध कराने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना का यह अभियान भविष्य की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।