अमेठी में भारतीय किसान यूनियन अम्बावता गुट के नेतृत्व में किसानों ने अमेठी तहसील परिसर में अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से अपनी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की। इस दौरान किसानो ने जमीन पर बैठकर प्रशासन मुर्दाबाद और किसान का हक दो के नारे लगाए। किसानों ने निराश्रित पशुओं द्वारा फसलों को हो रहे भारी नुकसान को लेकर इन्हें जल्द से जल्द गौशालाओं में भेजने की मांग की। किसानों का कहना था कि आवारा पशु उनकी मेहनत की फसलें बर्बाद कर रहे हैं जिससे उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। इसके अलावा किसानों ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ समय पर दिए जाने की मांग की ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।किसानों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें अत्यधिक और गलत बिजली बिल भेजे जा रहे हैं जिन्हें बंद किया जाए। किसानों ने नहरों में समय पर पानी की आपूर्ति, खाद और बीज की समय पर उपलब्धता और गौपालन के लिए मिलने वाली सहायता शीघ्र किसानों को प्रदान किए जाने की भी मांग की। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकोरी, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार कोरी, महिला जिलाध्यक्ष समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे। किसानों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और कहा कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।