नगर के व्यापारियों ने अपनी प्रमुख समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से उपजिलाधिकारी अमेठी को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने मांग की है कि नगर में यातायात और व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू बनाने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं। व्यापारियों ने ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग ककवा रोड पर बने ओवरब्रिज के दोनों छोर पर सर्विस लेन/रोड का काली डामर सड़क निर्माण कराने को लेकर है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण न होने के कारण यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। दूसरी मांग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी के पिछले गेट को खुलवाने को लेकर की गई। व्यापारियों ने बताया कि गेट बंद होने के कारण मुख्य रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे साइकिल और मोटरसाइकिल चालकों को काफी परेशानी होती है। तीसरी मांग नगर में रेहड़ी-पटरी व्यापारियों के लिए निश्चित स्थान निर्धारित करने की है। व्यापारियों का कहना है कि इससे नगर के भीतर आवागमन सुचारू होगा और रेहड़ी-पटरी व्यापारियों को भी व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा।