यूपी के अमेठी में जिला अस्पताल, गौरीगंज में बुधवार देर शाम डायलिसिस यूनिट में कार्यरत टेक्नीशियन अंकित शुक्ला की गुंडई सामने आई है। उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक युवक को पहले धमकाया, फिर उसकी जमकर पीटा। पीटने का वीडियो सामने आया है। मामले में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित सचिन मौर्य ने बताया कि अस्पताल में एक मरीज से डायलिसिस के नाम पर बार-बार बाहर से सामान और पैसे मांगे जा रहे थे। इसकी शिकायत उसने सीएमएस से की थी। शिकायत करने से नाराज टेक्नीशियन अंकित शुक्ला ने पहले उसे मोबाइल पर धमकी दी। बाद में इमरजेंसी के पास मौजूद होने की जानकारी पर अपने साथियों के साथ मिलकर पीटा। उनके एक साथी को भी चोट आई है। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। ताकि, वह किसी को कॉल न कर सके। घटना के बाद युवक ने गौरीगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।