महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 150 की जाएंगी, जबकि पीजी की 34 सीटों में इजाफा होगा। बड़े पैमाने पर सीटें बढ़ने के साथ ही मेडिकल कॉलेज में अवस्थापना सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। कॉलेज प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। इसी के साथ नए हॉस्टल, कक्षाओं, मरीजों के लिए बेड बढ़ाने समेत अन्य कार्यों का प्रस्ताव तैयार कराया जाने लगा है, ताकि सीटें बढ़ने पर व्यवस्थाओं का संचालन बेहतर ढंग से हो सके। राजकीय मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2011 से एमबीबीएस की 100 सीटें संचालित हो रही हैं। हर साल नीट यूजी परीक्षा उत्तीर्ण करने पर अलग-अलग क्षेत्रों से 100 मेडिकल के छात्र भेजे जाते हैं, जिन्हें साढ़े चार वर्ष के एमबीबीएस कोर्स के साथ एक वर्ष मेडिकल इंटर्नशिप करनी होती है। अब यहां 50 सीटें बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के पास करीब 100 एकड़ क्षेत्रफल है। सीटें बढ़ाने के लिए नई बिल्डिंग बनाई जाएंगी। लेक्चर हॉल से लेकर, लैब और हॉस्टल की क्षमता बढ़ाई जाएगी। फैकल्टी रूप, मरीजों के बेड और इक्विपमेंट्स बढ़ाने की तैयार की जाएगी। वर्तमान में यहां पीजी के दो डिप्लोमा कोर्स के अलावा एमडी कम्युनिटी मेडिसिन में पांच सीटें चल रही हैं। अब यहां पीजी की 34 सीटों के लिए आवेदन किया गया है। प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के लिए पीजी कोर्स आवश्यक है। पीजी कोर्स करने वाले डॉक्टर के यहां आने से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा। इसके साथ ही राजकीय मेडिकल कॉलेज में हार्टअटैक से बचाव के लिए एसटीएमई इंजेक्शन की निशुल्क सुविधा शुरू हो गई है। साथ ही यहां जन औषधि केंद्र का भी शुभारंभ हुआ है।