श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने टांडा क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों और धार्मिक स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मखदूमनगर स्थित निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज, झारखंडी महादेव मंदिर, महादेवा घाट और टांडा घंटाघर सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज मार्ग को कंकड़ और अवरोधों से मुक्त कर समतल व सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों का आवागमन सुगम रहे। झारखंडी महादेव मंदिर में पेयजल, स्वच्छता, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया। डीएम और एसपी ने टांडा घंटाघर से झारखंडी महादेव मंदिर तक कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर साफ-सफाई और विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ढीले विद्युत तारों को तत्काल व्यवस्थित कराने तथा सभी विद्युत पोलों पर सुरक्षा पॉलिथीन लगाने के निर्देश दिए। महादेवा घाट पर अधिकारियों ने तीन स्तरीय जल बैरिकेडिंग, पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।