अंबेडकरनगर। जिले में बृहस्पतिवार की सुबह एक बार फिर घने कोहरे की चादर के साथ हुई, जिससे पूरा इलाका शीतलहर और धुंध की गिरफ्त में नजर आया। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसके कारण सड़कों पर चलना खतरे से खाली नहीं रहा। कोहरे का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों पर देखने को मिला। कोहरे और ठंड के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। ठंड बढ़ने से लोग अलाव जलाकर और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखाई दिए। जिले में लगातार गिरते तापमान के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सुबह और देर शाम घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, बढ़ते कोहरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। इसके साथ ही जिले की हवा की गुणवत्ता भी काफी खराब स्तर पर पहुंच गई है। प्रदूषण बढ़ने से सांस, आंखों और गले से जुड़ी समस्याएं सामने आने लगी हैं। चिकित्सकों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।