लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के समर्थन में समाजवादी छात्र सभा ने मंगलवार को दशहरे के अवसर पर विरोध प्रदर्शन किया। छात्र सभा के जिलाध्यक्ष बाल गोविंद गौतम के नेतृत्व में रावण के साथ उन लोगों के पुतले का दहन किया गया, जिन पर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ भ्रामक खबरें फैलाकर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। इस दौरान बाल गोविंद गौतम ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। नेहा सिंह राठौर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखती हैं। उनके खिलाफ भ्रामक खबरें फैलाकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास निंदनीय है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के सम्मान और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले कृत्यों का विरोध होना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह मामला केवल एक महिला की प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि महिला सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से भी जुड़ा है।