अंबेडकरनगर। हंसवर के पृथ्वीपुर गांव में बुधवार की रात खेत की रखवाली करने गए 80 वर्षीय किसान की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। पृथ्वीपुर निवासी बहाऊ बुधवार रात करीब 8:00 बजे खाना खाने के बाद खेत पर गए थे। वह ट्यूबवेल पर रुककर खेतों की रखवाली कर रहे थे। देर रात अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर पर डंडे से वार किया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्यारे ने वारदात के बाद ट्यूबवेल के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। सुबह जब बहाऊ घर नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढने ट्यूबवेल पर पहुंचे। परिजनों ने ट्यूबवेल के कमरे का दरवाजा खोला तो बहाऊ का खून से लथपथ शव मिला। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सीओ शुभम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।