कैंडल मार्च निकाल निष्पक्ष जांच की उठाई मांग अंबेडकरनगर। बिहार में भरत भूषण तिवारी की कथित प्रशासनिक हत्या के विरोध में शनिवार को आदर्श ब्राह्मण फाउंडेशन के बैनर तले अकबरपुर में कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग उठाई गई। प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण मार्च किया और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। कैंडल मार्च पटेल नगर तिराहे से शुरू होकर तहसील तिराहे तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत प्रशासनिक विफलता का परिणाम है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया। कैंडल मार्च में हरिओम तिवारी (गुड्डू), अनिल उपाध्याय, सुभाष पांडेय, बलराम मिश्र, सुनील मिश्र, बागीश मिश्र, सूर्यभान सिंह, बरकत अली, धीरज पांडेय, नरेंद्र पांडेय, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल रहे।