अंबेडकरनगर के अकबरपुर-अयोध्या हाईवे पर अहिरौली के यादव नगर बाईपास के पास सुबह आठ बजे बैरियर लगा दिया गया। वाराणसी, प्रयागराज और विंध्याचल से आने वाले श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने से रोका जाने लगा। दोपहर 12 बजे तक बाईपास पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात से आए श्रद्धालुओं के अलावा कई एनआरआई भी फंसे नजर आए। आवागमन बहाल करने को लेकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। कई श्रद्धालु तो पुलिस और प्रशासनिक अमले से उलझ गए। किसी तरह उन्हें शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। रास्ते में फंसे श्रद्धालुओं को चाय, बिस्किट और सब्जी पूरी उपलब्ध कराई जा रही है।