अंबेडकरनगर में प्रभु श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दो दिन बाद सोमवार देर शाम दधिकांधव उत्सव का आगाज हुआ। यह आयोजन श्रीकृष्ण दधिकांधव समाज, टांडा के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीझारखंड महादेव मंदिर, छज्जापुर के निकट भगवान श्रीकृष्ण की झांकी की महाआरती उतारने के साथ हुई। नगर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में वर्षों पूर्व बाबा संसारीदास ने दधिकांधव उत्सव मनाए जाने की परंपरा की शुरुआत की थी। शोभायात्रा में संसारीदास का विमान आगे और पीछे प्रभु श्रीकृष्ण लीलाओं से संबंधित झांकियां टांडा नगर की विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा निकाली गई। इस वर्ष लगभग तीन दर्जन झांकियां शामिल रहीं। इसे देखने के लिए नगर और आसपास के ही नहीं, बल्कि अन्य कई जिलों से श्रद्धालु आए। इस अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधा दर्जन मजिस्ट्रेट, विभिन्न जिलों से आए सब-इंस्पेक्टर शोभा यात्रा के मार्गों पर लगे रहे। रात भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भजन कीर्तन करती रही। डीजे की धुन पर युवाओं की टोली नृत्य करती रही। यात्रा मंगलवार की तड़के समाप्त हुई।