अंबेडकरनगर में राजेसुल्तानपुर क्षेत्र स्थित चित बहाल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, पूरनपुर की छात्राओं ने एक बार फिर जनपद की मेरिट में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का परचम लहराया है। सगी बहनों श्रेया पांडे व श्रुति पांडे ने जिले में स्थान हासिल करके माता-पिता का मान बढ़ाया। इनके पिता दिनेश पांडे आजमगढ़ जनपद के बूढ़नपुर तहसील में एडवोकेट हैं। मां कुमुद पांडे गृहणी हैं। दोनों बेटियों की सफलता पर पिता दिनेश पांडे ने कहा कि यह मेरे लिए एक गौरव का क्षण है। विद्यालय प्रशासन की मैं प्रशंसा करता हूं, जहां संस्कार के साथ शिक्षा मिल रही है। दोनों बहनों ने कहा कि आगे सिविल सर्विस की तैयारी करूंगी। छोटी बहन श्रुति पांडे आईपीएस बनना चाहती हैं। बड़ी बहन श्रेया पांडे आईएएस बनना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि हम लोग एक साथ पढ़ाई करते थे। कोई समय सीमा नहीं थी कि कितने घंटे पढ़ाई करेंगे, जब हमें समय मिलता था तो पढ़ाई शुरू कर देते थे। इसमें मेरे माता-पिता का बहुत बड़ा सहयोग है। लालमनपुर गांव की निवासी चित बहाल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. सुषमा सिंह विद्यालय के शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि इस सफलता में सभी का श्रेय है।