अंबेडकरनगर में पूर्ति विभाग में रखे गए प्राइवेट कर्मचारियों के खिलाफ सोमवार को जिले के कोटेदारों का आक्रोश भड़क गया। ऑल इंडिया फेयर प्राइम शॉप डीलरस फेडरशन के बैनर तले कोटेदार कलेक्ट्रेट पहुंचे और डॉ. आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष ने विभाग व राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े ठेकेदारों पर मनमानी और शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने कोटेदारों की समस्याओं का समाधान न होने पर राशन वितरण की ई-पॉस मशीनें जमा कर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। कोटेदारों का आरोप है कि विभाग और ठेकेदारों की ओर से रखे गए प्राइवेट बाबू लगातार उनका शोषण कर रहे हैं। राशन की बोरियों में निर्धारित मात्रा से कम वजन मिलने, दुकानों तक पूरा राशन न पहुंचने और राशन कार्डों में मनमाने तरीके से नाम जोड़ने व काटने की शिकायत भी कोटेदारों ने उठाई। कोटेदारों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।